अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इलाज के लिए अस्पताल पहुंची एक महिला मरीज को समय पर उपचार न मिलने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात इतने बिगड़े कि मरीज को वार्ड में मौजूद स्टाफ नर्स पर गुस्सा फूट पड़ा। महिला ने स्टाफ नर्स पर बदसलूकी का भी आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, महिला किसी बीमारी के चलते इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थी। हालांकि, अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्यकर्मी न तो समय पर इलाज उपलब्ध करा सके और न ही मरीज की समस्या को गंभीरता से लिया गया। घंटों इंतजार के बाद भी जब कोई डॉक्टर या जिम्मेदार कर्मचारी नहीं पहुंचा, तो महिला का गुस्सा फूट पड़ा।मरीज ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने न केवल लापरवाही बरती, बल्कि मदद मांगने पर असम्मानजनक व्यवहार किया। महिला ने कहा कि अस्पताल में आने का मकसद इलाज पाना था, लेकिन यहां आकर मानसिक तनाव और अपमान झेलना पड़ा।
मौके पर मौजूद अन्य मरीजों और परिजनों ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर नाराज़गी जताई। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, आए दिन मरीजों को समय पर इलाज न मिलने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

