मोबाइल सिम समय पर रिचार्ज नहीं हुआ तो नंबर बंद हो जाएगा — ये डर अब इतिहास बनने जा रहा है। भारत में करोड़ों मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी और राहतभरी खबर सामने आई है। TRAI (भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण) ने मोबाइल सिम वैलिडिटी को लेकर बड़ा बदलाव किया है, जिससे अब बिना रिचार्ज किए भी आपका सिम लंबे समय तक चालू रह सकेगा।
अब तक टेलीकॉम कंपनियां 30 से 45 दिन के भीतर रिचार्ज नहीं होने पर सिम को डिएक्टिवेट कर देती थीं। इससे न सिर्फ ग्रामीण और बुजुर्ग वर्ग को परेशानी होती थी, बल्कि कई बार जरूरी कॉल और OTP जैसी सेवाएं भी रुक जाती थीं। लेकिन अब TRAI ने कंपनियों की इस मनमानी पर ब्रेक लगा दिया है।
इस नए फैसले के तहत अब Jio और Airtel जैसी निजी कंपनियों को अपने ग्राहकों की सिम कम से कम 90 दिनों तक एक्टिव रखनी होगी, चाहे उन्होंने रिचार्ज कराया हो या नहीं। Airtel ने इसमें अतिरिक्त राहत देते हुए यह भी तय किया है कि सिम डिएक्टिवेशन से पहले 15 दिन की और मोहलत दी जाएगी, ताकि ग्राहक चाहे तो दोबारा नंबर चालू करा सके। वहीं Vodafone Idea (Vi) यूज़र्स को 75 दिनों तक की वैलिडिटी दी जाएगी, जिसके बाद एक न्यूनतम रिचार्ज की आवश्यकता होगी। सबसे ज़्यादा राहत BSNL ग्राहकों को मिली है, जहां बिना किसी रिचार्ज के सिम 180 दिन तक चालू रहेगा।
TRAI का यह कदम ऐसे समय में आया है जब उपभोक्ताओं में लगातार यह नाराजगी बढ़ रही थी कि कंपनियां बगैर पर्याप्त सूचना के नंबर बंद कर देती हैं, जिससे उनका जरूरी संपर्क टूट जाता है। अब इस फैसले के बाद हर मोबाइल यूज़र को यह अधिकार मिल गया है कि वह बिना जल्दबाज़ी और दबाव के अपनी सुविधा से रिचार्ज कर सके।
हालांकि, TRAI ने यह भी साफ किया है कि वैलिडिटी अवधि पूरी होने के बाद अगर नंबर पर कोई एक्टिविटी नहीं होती, तो उसे बंद किया जा सकता है और वह नंबर किसी और को भी अलॉट किया जा सकता है। इसलिए यह बदलाव राहत तो है, लेकिन ज़िम्मेदारी के साथ।
इस फैसले को उपभोक्ताओं के हित में एक बड़ा सुधार माना जा रहा है। अब मोबाइल यूज़र्स को हर महीने रिचार्ज की टेंशन नहीं रहेगी, और उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक बेहतर प्लान चुनने का वक्त भी मिलेगा।

