सरगुजा, छत्तीसगढ़। अंबिकापुर में आयोजित सरगुजा ओलंपिक को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खिलाड़ियों और उनके कोच के लिए बनाए जा रहे भोजन में भारी लापरवाही उजागर हुई है। खेल आयोजन जैसे संवेदनशील कार्यक्रम में इस तरह की अव्यवस्था ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, राजमोहिनी देवी भवन परिसर में खिलाड़ियों और कोच के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है। लेकिन जिस स्थान पर खाना बनाया जा रहा है, वहां साफ-सफाई का बुरा हाल है। किचन परिसर में खुलेआम कुत्ते, गाय और बैल घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे स्वच्छता और सुरक्षा दोनों पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
इतना ही नहीं, खाना बनाने वाले रसोइयों द्वारा किचन में ही सिगरेट पीते हुए धुआं उड़ाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। वहीं, भोजन स्थल पर गोबर फैला हुआ है और मक्खियां भिनभिना रही हैं, जो खिलाड़ियों की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ है।
इस पूरी लापरवाही का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि वीडियो वायरल होने के बाद भी अब तक किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
गौरतलब है कि खिलाड़ियों के भोजन और नाश्ते के लिए करीब एक करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद इस तरह की अव्यवस्था और लापरवाही कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है क्या जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागजों में ही व्यवस्थाएं पूरी कर रहे हैं?
अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है और खिलाड़ियों की सुरक्षा व स्वास्थ्य को लेकर कितनी गंभीरता दिखाई जाती है।

