लखनपुर के केवरा गांव में विशालकाय अजगर का आतंक
लखनपुर विकासखंड के ग्राम केवरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय अजगर सांप ने करीब डेढ़ माह के बकरी के बच्चे को निगल लिया। घटना धवरा डुग्गू इलाके की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर ने बकरी के बच्चे को शिकार बनाने के बाद उसे निगल लिया और फिर पास ही एक पेड़ पर चढ़ गया, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि बकरी संजू कुमार पिता मोहरलाल, निवासी केवरा, धवरा डुग्गू की थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देने की बात कही है।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने मवेशियों व बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं।

