अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़। थाना दरिमा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खजूरी में स्थित मुर्रा बनाने वाली फैक्ट्री में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही फैक्ट्री और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री परिसर में बने घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।

आग लगने की घटना के दौरान घर में रखे घरेलू गैस सिलेंडर भी फट गए, जिससे आग और भयावह हो गई। सिलेंडर विस्फोट की आवाज से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दरिमा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

