प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें 10 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए। हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा क्षेत्र में हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो और बस में आमने-सामने की टक्कर हो गई।
बोलेरो सवार सभी 10 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत
हादसे में बोलेरो में सवार सभी 10 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की उम्र 25 से 45 वर्ष के बीच थी और वे सभी पुरुष थे। यह सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रहने वाले थे और संगम स्नान के लिए प्रयागराज आ रहे थे।
बस में सवार 19 श्रद्धालु घायल
हादसे में बस में सवार 19 श्रद्धालु भी घायल हो गए, जो संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया है। बस में सवार सभी यात्री मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।
स्थानीय प्रशासन ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर स्थानीय प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

