सरगुजा: लखनपुर क्षेत्र में आवारा और पागल कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सोमवार की शाम ग्राम अंधला में जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए दो मेहमानों सहित पांच लोग कुत्तों के हमले में घायल हो गए। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरहाडीह रघुनाथपुर निवासी जगमोहन (45 वर्ष) और रेवापुर राजपुर निवासी लाल साय (29 वर्ष), जो ग्राम अंधला में अपने रिश्तेदार के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए थे, पागल कुत्ते के हमले का शिकार हो गए। इसके अलावा, ग्राम अंधला निवासी जनेश (10 वर्ष), जिला रायगढ़ निवासी बबीता राठिया, और ग्राम रजपुरीकला निवासी रियांश (6 वर्ष) को भी कुत्ते ने काट लिया।
सभी घायलों को तत्काल लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और रेबीज का टीका लगाया। इलाज के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और स्थानीय लोग प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।

