छत्तीसगढ़ के कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले 17 सूत्रीय मांग को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन का आयोजन अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में किया गया। दरअसल लंबे समय से तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के द्वारा अपनी मांगों को लेकर सरकार से समय-समय पर अवगत कराया गया। लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं किया जा सका है।
जिसको लेकर कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले तहसीलदार और नायब तहसीलदार फिर विरोध पर उतर आए हैं। यही वजह है कि आज जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन कर 17 सूत्रीय मांग को लेकर अवगत कराया गया है और यह आंदोलन संभाग और राज्य स्तर तक चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के पदाधिकारी ने बताया कि लंबे समय से तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को संसाधन नहीं मिलने की वजह से काम करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए “संसाधन नहीं तो काम नहीं” स्लोगन के साथ इस विरोध को और तेज करने की बात कही गई है। मुख्य रूप से वेतन विसंगति, पदोन्नति, सुरक्षा सहित 17 सूत्रीय मांग पूरा करने की बात सरकार से कहा जा रहा हैं।

