सरगुजा। जिले के बतौली थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता को अकेला देखकर उसके विरोध के बावजूद जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने 1 सितंबर 2026 को थाना बतौली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कदनई सुगाझरिया निवासी जयप्रकाश पैकरा ने उसे अकेला देखकर उसके मना करने के बावजूद जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर बतौली पुलिस ने अपराध क्रमांक 113/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 64(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार लगातार प्रयास के बाद आरोपी जयप्रकाश पैकरा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयप्रकाश पैकरा, पिता सुदामा पैकरा, उम्र 24 वर्ष, निवासी कदनई सुगाझरिया, थाना बतौली बताया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

