अंबिकापुर। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सरगुजा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में दरिमा थाना पुलिस ने बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और शराब के नशे में स्कूटी चलाने वाले एक युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामला न्यायालय में पेश किया, जहां उसे 15 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिलेभर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान दरिमा पुलिस टीम ने स्कूटी क्रमांक CG-15-EG-8224 को रोककर चालक से पूछताछ की।
चालक की पहचान आकाश कुजूर, उम्र 20 वर्ष, निवासी दरिमा के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस ने उसे शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया। इसके बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें भी शराब के सेवन की पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया कि चालक के पास वाहन चलाने के लिए वैध लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181 एवं 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने चालक को 15,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाना है।
पूरी कार्रवाई में थाना दरिमा के उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रहे।

