अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने छेड़छाड़ और मारपीट के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एक युवती से छेड़छाड़ करने तथा विरोध करने पर उसके भाई के साथ बेल्ट, डंडे और पत्थरों से मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बेल्ट, डंडा, पत्थर और स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 11 जून 2026 को कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 10 जून की रात करीब 10:30 बजे वह अपने भाई के साथ स्कूटी से गांधी चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान मिशन अस्पताल के पास आरोपी अतुल ताम्रकार ने उनका रास्ता रोक लिया और गलत नीयत से युवती के साथ छेड़छाड़ कर उसकी लज्जा भंग की। जब पीड़िता के भाई ने इसका विरोध किया तो अतुल ताम्रकार ने अपने साथी रोहित केडिया और अन्य युवकों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के अलावा बेल्ट, बांस के डंडे और पत्थरों से मारपीट की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 394/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मामले में शामिल 5 विधि से संघर्षरत बालकों के साथ दो बालिग आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार बालिग आरोपियों की पहचान केदारपुर निवासी 21 वर्षीय अतुल ताम्रकार और 22 वर्षीय रोहित केडिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट, डंडा, पत्थर और स्कूटी जब्त कर ली है। साक्ष्य मिलने के बाद 5 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि दोनों बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

