सरगुजा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मैनपाट-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर एक जंगली भालू नजर आया। घटना आज सुबह सपनादर के पास की बताई जा रही है, जहां ग्रामीणों ने भालू का वीडियो भी बना लिया, जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह भालू आमगांव के घने जंगलों से भटककर गांव की ओर पहुंच गया। सड़क किनारे भालू की मौजूदगी से राहगीरों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया। कई लोगों ने मौके से दूरी बनाकर खुद को सुरक्षित किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जंगलों में वन्यजीवों के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण जंगली जानवर अब रिहायशी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। इस पूरे मामले में वन विभाग की लापरवाही भी सामने आ रही है, मौके पर एक भी वन कर्मचारी मौजूद नहीं था जिससे कि किसी भी बड़े दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
फिलहाल, इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है, लेकिन भालू की मौजूदगी ने एक बार फिर इंसान और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव की स्थिति को उजागर कर दिया है।

