अंबिकापुर। 20 अप्रैल को अंबिकापुर के कमोदा बिहार मैरिज हॉल में बड़ी धूमधाम से एक शादी समारोह संपन्न हुआ था। लेकिन इस खुशी के माहौल को अगले ही दिन एक दर्दनाक हादसे ने गम में बदल दिया।
शादी के अगले दिन सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे, जब बारात में शामिल लोग भटगांव लौट रहे थे, तभी अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर एक स्विफ्ट डिजायर कार पेड़ से टकरा गई। यह हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दूल्हे की बड़ी बहन चाँदनी गुप्ता (32 वर्ष), निवासी दुलदुला, जिला जशपुर, की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। कार में मौजूद अन्य लोग घायल हुए हैं, लेकिन उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते गाड़ी सीधे पेड़ से जा भिड़ी।इस घटना ने गुप्ता परिवार की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया है। जहां एक दिन पहले तक घर में शहनाइयों की गूंज थी, वहीं अब सन्नाटा पसरा है। चाँदनी की असमय मृत्यु से गांव और रिश्तेदारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना से जुड़ी तमाम जानकारी जुटाई जा रही है।

