अंबिकापुर में स्कूटी चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गई एक्टिवा वाहन भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मिशन चौक निवासी प्रीति शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी एक्टिवा CG 15 CY 9930 को चोपड़ापारा स्थित किराये के मकान के सामने खड़ी की थी, लेकिन अगली सुबह वाहन गायब मिला। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रामेश्वर उर्फ अत्ता दास नाम का युवक गुदरी बाजार चौक के पास चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्कूटी चोरी करना कबूल कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रुनझुन तालाब के पास से चोरी गई एक्टिवा बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी रामेश्वर दास उर्फ अत्ता, हर्राटिकरा चाटापारा थाना जयनगर जिला सूरजपुर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से ही थाना कोतवाली में 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

