सरगुजा जिले में मणिपुर थाना पुलिस ने अवैध कबाड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक गोदाम से लगभग एक टन कबाड़ जब्त किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बेहरापारा ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा संदेहास्पद तरीके से बड़ी मात्रा में कबाड़ रखा गया है, जिसकी कोई वैध जानकारी नहीं है।सूचना मिलते ही मणिपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम संचालक राधेश्याम माली पिता स्व. अर्जुन भगत माली (उम्र 59 वर्ष, निवासी बेहरापारा) को तलब किया गया।
गोदाम की तलाशी गवाहों की उपस्थिति में ली गई, जिसमें बड़ी संख्या में वाहन संबंधी पुराना कबाड़ बरामद किया गया। बरामद सामग्री में स्कूटी व बाइक के चक्के, टाटा बस और बोलेरो के बंद इंजन, स्टेयरिंग, टायर डिस्क, डिफेंसर, शॉकर, पानी टंकी, गैस टंकी सहित विभिन्न वाहनों के टूटे-फूटे लोहे के सामान शामिल थे।पूछताछ में राधेश्याम माली कबाड़ का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे पुलिस को चोरी का सामान होने की आशंका हुई।
इसके आधार पर आरोपी को धारा 94 बी.एन.एस.एस. के तहत नोटिस दिया गया, लेकिन उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 35(1)(3) बी.एन.एस.एस. व 303(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज कर कबाड़ को जप्त कर लिया।पूरे मामले में इस्तगाशा क्रमांक 02/25 के अंतर्गत विधिवत वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर निरीक्षक अश्वनी सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक शौकी लाल राज, आरक्षक अरविंद सिंह, दीपक पैकरा और कृष्ण कुमार वीरको की अहम भूमिका रही।

