सरगुजा, छत्तीसगढ़ – सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ढोंढागांव में आई बाढ़ ने एक बार फिर जनजीवन को झकझोर कर रख दिया है। मैनी नदी में आई अचानक बाढ़ की चपेट में आकर चार लोग बह गए थे, जिनमें से अब तक सिर्फ एक महिला का शव बरामद किया जा सका है। महिला का शव पत्थरों के बीच फंसा हुआ मिला, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया।
हालांकि अभी भी एक महिला और दो मासूम बच्चों का कुछ पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश लगातार जारी है, और अब इस गंभीर स्थिति में जनप्रतिनिधियों ने भी मोर्चा संभाल लिया है।
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा और जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षकों से बातचीत कर व्यापक स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन और रेस्क्यू टीमों को निर्देशित किया है कि लापता लोगों की खोजबीन में कोई कसर न छोड़ी जाए।
विधायक के निर्देश के बाद प्रशासन की टीमें, SDRF के जवान और ग्रामीण संयुक्त रूप से लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। तेज बहाव, दुर्गम स्थल और मौसम की चुनौती के बावजूद सर्च ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू में मदद के लिए हाथ बढ़ाया है और प्रशासन के साथ मिलकर लापता लोगों की खोजबीन कर रहे हैं। ग्रामीणों की उम्मीदें अब प्रशासनिक प्रयासों पर टिकी हैं कि लापता लोग जल्द से जल्द मिल सकें।

