जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे नवागढ़ क्षेत्र को शोक में डूबो दिया। सुकली के पास स्कार्पियो और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी मृतक नवागढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जो शादी-बारात से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12:30 बजे सुकली मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक (OD23 P 6037) और स्कार्पियो (CG11 BS 3974) की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयानक था कि वाहन में सवार पाँच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान इस प्रकार है—
विश्वनाथ देवागन (43 वर्ष), पिता सुखरु देवागन
राजेंद्र कश्यप (27 वर्ष), पिता कोमल कश्यप — आर्मी जवान
पोमेश्वर जलतारे (33 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम जलतारे — आर्मी जवान
भूपेंद्र साहू (40 वर्ष), पिता रेशम साहू
कमलनयन साहू (22 वर्ष), पिता रामचरण साहू
ये सभी सड़क पारा शांतिनगर, नगर पंचायत नवागढ़ के रहने वाले थे। शादी जयराम देवागन की पंतोरा में थी और बारात से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ।
हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। जिला अस्पताल जांजगीर में मृतकों का पंचनामा और पोस्टमार्टम जारी है।
SP विजय पांडे ने बताया कि दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और संभवतः लापरवाही को कारण माना जा रहा है, हालांकि जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
नवागढ़ क्षेत्र में हुए इस हादसे ने पूरे इलाके में मातम का माहौल बना दिया है। एक ही मोहल्ले के पाँच लोगों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे नगर में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस जल्द ही घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगी।

