बलरामपुर, छत्तीसगढ़। बसंतपुर पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थ की तस्करी को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 15 क्विंटल डोडा जप्त किया है। इस कार्रवाई को रात्रि गश्त के दौरान अंजाम दिया गया, जो कि उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे धनवार बॉर्डर पर की गई।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के रांची से राजस्थान की ओर जा रहा एक ट्रक संदिग्ध रूप से सीमा क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था। पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन मौके की नजाकत भांपते हुए चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में डोडा पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी जा रही है। यह तस्करी अंतरराज्यीय स्तर पर की जा रही थी, जिस पर बसंतपुर पुलिस ने समय रहते बड़ी कार्रवाई कर रोक लगाई।
फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को जिले की अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ जब्ती में से एक माना जा रहा है।

