छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों में वर्षों से कम वेतन पर काम कर रहे अंशकालीन सफाई कर्मचारियों ने अब अपने अधिकारों को लेकर बड़ा कदम उठा लिया है। राज्यभर के करीब 65,000 कर्मचारियों ने 24 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। यह आंदोलन स्थायी नियुक्ति और कलेक्टर दर पर वेतन जैसी बुनियादी मांगों को लेकर चल रहा है।
लखनपुर विकासखंड सहित प्रदेश के सभी ज़िलों में सफाई कर्मियों ने विद्यालयों के माध्यम से विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को सामूहिक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्षों से अल्प वेतन पर लगातार काम करने के बावजूद कर्मचारियों को न तो स्थायी नियुक्ति मिली है और न ही उचित पारिश्रमिक।
राज्य स्तरीय नेतृत्व में रायपुर के बैनर प्लेस पर भी एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया, जहाँ संगठन के अध्यक्ष संतोष खांडेकर ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों को अनसुना किया गया, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है, जिससे शैक्षणिक व्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित होंगी।
लखनपुर ब्लॉक से ज्ञापन सौंपने वालों में कैलाश राम, राज कुमार, दिनेश, धन साय, बुध नारायण, सुख नारायण, आलोक सहित ब्लॉक के सभी स्कूलों के सफाई कर्मचारी शामिल रहे। आंदोलन चरणबद्ध रूप से पूरे प्रदेश में जारी रहेगा और कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि अब “सिर्फ आश्वासन नहीं, ठोस निर्णय” की दरकार है।

