अंबिकापुर। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ (मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव) के अंतर्गत सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सुबह 9 से 11 बजे तक विद्यार्थियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. आर.पी. सिंह ने चिकित्सा दल का स्वागत किया। डॉ. मनीष तिवारी, मेडिकल ऑफिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा के नेतृत्व में चिकित्सा दल ने छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। मौसमी बीमारियों से संबंधित समस्या पाए जाने पर विद्यार्थियों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक आदतों के महत्व की जानकारी दी गई। DEIC से श्री कमल नारायण ने नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचने के व्यावहारिक उपायों के बारे में बताया। वहीं जिला क्वालिटी कंट्रोलर श्री नवीन सिंह ने विद्यार्थियों को शिक्षा, खेलकूद, व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक गतिविधियों में समय एवं ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में श्रीमती रानु गुप्ता, कंसलटेंट एनटीपीसी, श्री अनिल पैकरा, ड्रग इंस्पेक्टर, श्री आदर्श चक्रधारी, फार्मासिस्ट, श्री विमल केरकेट्टा, ट्रेसर तथा श्रीमती गरिमा सिंह, ट्रेसर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा कि महाविद्यालय के 315 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने और नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी दीपिका स्वर्णकार एवं श्री राजीव कुमार ने किया। महाविद्यालय प्रशासन ने चिकित्सा दल, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

