अंबिकापुर से बड़ी खबर सामने आ रही है,जहां पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता अमरजीत भगत को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अमरजीत भगत किसानों की खाद-बीज समस्या को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने भाजपा के मैनपाट स्थित प्रशिक्षण शिविर स्थल की ओर अपने समर्थकों के साथ रवाना हुए थे।
हालांकि, रास्ते में पुलिस ने उन्हें और उनके साथ मौजूद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रोकते हुए हिरासत में ले लिया और सभी को कमलेश्वरपुर थाने ले जाया गया। थाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के इस कदम को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। इधर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने मौके पर मीडिया से बातचीत में कहा हम सिर्फ किसानों की समस्या लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे थे। लेकिन सरकार को जनता की आवाज सुनना मंजूर नहीं। यह लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा है।
इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखा गया है, और इसे लेकर कांग्रेस आने वाले समय में बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

