सरगुजा:अंबिकापुर के रियासी इलाके में स्थित अमर इंटरप्राइजेज हार्डवेयर की दुकान में रविवार की रात भीषण आग लग गई। यह हादसा समलाया मंदिर के पास रात करीब 10 बजे हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर पहुंची 4 से 5 दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने में करीब 3 घंटे लग गए।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर रखी इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क गई। दुकान में पेंट, पीवीसी बोर्ड और अन्य ज्वलनशील सामान रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
परिवार ने छत के रास्ते बचाई जान
दुकान संचालक और उनका परिवार दुकान के ऊपर वाले माले में रह रहा था। आग लगने के दौरान घर में पांच लोग मौजूद थे, जिन्होंने छत के रास्ते से दूसरी बिल्डिंग में कूदकर अपनी जान बचाई।
लाखों का नुकसान
आग से दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। संचालक के अनुसार, इस घटना में करीब 30 से 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना की जांच अंबिकापुर कोतवाली पुलिस कर रही है।

