रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार तड़के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट के भीतर गोलीबारी की दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। ड्यूटी के दौरान हुए विवाद में एक आरपीएफ जवान ने अपने ही साथी पर अचानक गोली चला दी। गोली लगने से प्रधान आरक्षक पी.के. मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सुबह लगभग 4 बजे आरपीएफ पोस्ट के अंदर हुई। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक के.एस. लादेर ने किसी बात को लेकर विवाद के दौरान अचानक सर्विस राइफल से फायर कर दिया। गोली सीने में लगते ही मिश्रा वहीं ढेर हो गए। पोस्ट पर मौजूद अन्य जवानों ने तत्काल हालात संभालते हुए आरोपी को घेरकर काबू में कर लिया और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरपीएफ पोस्ट को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। मृतक प्रधान आरक्षक पी.के. मिश्रा की पहचान की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है। वहीं आरोपी के.एस. लादेर से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है, हालांकि गोली चलाने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच व्यापक स्तर पर की जाएगी और पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान हुई गतिविधियों की पूरी चेन खंगाली जाएगी।

