अंबिकापुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केरल इकाई के प्रवक्ता पिंटू महादेवन द्वारा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को गोली मारने की खुली धमकी के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व में अम्बिकापुर कोतवाली में FIR दर्ज करने का आवेदन दिया, जबकि पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के निर्देश पर सरगुजा जिले की सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के थानों में इसी मामले में एफआईआर के लिए आवेदन प्रस्तुत कर दिए। पिंटू महादेवन, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पूर्व केरल राज्य अध्यक्ष रह चुके हैं। जिन्होंने 26 सितंबर को न्यूज18 मलयालम चैनल की एक टीवी बहस में नेपाल के हालिया प्रदर्शनों पर चर्चा के दौरान विवादास्पद टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नेपाल जैसे प्रदर्शन भारत में संभव नहीं हैं, क्योंकि देश मोदी के साथ खड़ा है। अगर राहुल गांधी ने सपने में भी ऐसा सोचा तो उनका सीना गोलियों से चीर दिया जाएगा। इस बयान ने पूरे देश में हंगामा मचा दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने सौपा ज्ञापन..

जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में अंबिकापुर कोतवाली में दिए गए आवेदन में इसे लोकतंत्र के लिए खतरा करार दिया गया। पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता का यह बयान दर्शाता है कि वे लोकतांत्रिक प्रतिरोध को बर्दाश्त नहीं कर सकते। वे साम-दाम-दंड-भेद से विरोध को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी की निर्भीक लड़ाई से भाजपा-आरएसएस घबरा गए हैं, और उनका असली चेहरा सामने आ रहा है। इस अवसर पर इंद्रजीत धंजल, अनूप मेहता, जमील खान, वेद प्रकाश शर्मा, निकी खान, मो. इमरान, दिनेश शर्मा, आशीष शील और जमशेर खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कड़ी निंदा करता हूं..

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कड़ी निंदा की। उन्होंने लिखा भाजपा प्रवक्ता ने लाइव टीवी पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी को हत्या की धमकी दी। यह अक्षम्य और कानूनी अपराध है। यह सिर्फ किसी नेता के खिलाफ नहीं, बल्कि किसी भी नागरिक के खिलाफ हो तो भी अपराध है। लोकतंत्र में राजनीतिक असहमतियां संविधान और शांति के दायरे में सुलझनी चाहिए। हिंसा और हिंसक भाषा की कोई जगह नहीं। ऐसे बयान दिखाते हैं कि राहुल गांधी की निर्भीक लड़ाई से भाजपा-आरएसएस बुरी तरह घबरा गए हैं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मांग करता हूं कि दोषी पर तुरंत सख्त कार्रवाई करें। अगर ऐसा नहीं करती हैं, तो भाजपा आपराधिक और आतंकी मानसिकता को शरण दे रही है।
वहीं, पूर्व महापौर अजय तिर्की ने खास बातचीत में कहा— “छत्तीसगढ़ में जंगलराज चल रहा है। बीजेपी के लोग शासन और प्रशासन पर कब्ज़ा जमाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।”

