Oplus_131072
अंबिकापुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सीतापुर में निष्पक्ष मतदान(Sitapur Road Block Protest) न होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने अंबिकापुर-सीतापुर मुख्य मार्ग NH-43 पर चक्काजाम कर दिया। ग्राम रजपुरी, मुरता और ढेलसरा के ग्रामीणों ने मतदान में फर्जीवाड़े, मतपत्रों की जांच और पुनर्गणना (रिकाउंटिंग) की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
चक्काजाम से हाईवे पर यातायात बाधित
चक्काजाम के कारण NH-43 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज कर दिया है, जिससे वे आंदोलन करने को मजबूर हुए हैं।
पहले भी कर चुके हैं विरोध प्रदर्शन
ग्रामीणों ने बीते शुक्रवार को सीतापुर जनपद कार्यालय का घेराव भी किया था, जो लगभग एक घंटे तक चला। उनका आरोप है कि प्रशासन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासन व पुलिस की समझाइश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने “निर्वाचन आयोग मुर्दाबाद” और “जिला प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए और दोबारा निष्पक्ष मतदान कराने की मांग की।
स्थिति नियंत्रण में लाने का प्रयास
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायतों की जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात सुचारू करने के लिए प्रयासरत है।

