अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने अंबिकापुर के प्रमुख शराब सप्लायर अशोक अग्रवाल के निवास पर बड़ी कार्रवाई की। सोमवार को रामनिवास कॉलोनी स्थित उनके घर में करीब आठ घंटे तक चली एसीबी की छापेमारी के दौरान टीम ने 14 करोड़ रुपये मूल्य की बेशकीमती जमीन के दस्तावेज बरामद किए हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह सभी जमीनें पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान अंबिकापुर, बलरामपुर और सूरजपुर जिलों में खरीदी गई थीं। आरोप है कि इन संपत्तियों की खरीद में शराब घोटाले से अर्जित रकम का उपयोग किया गया। अशोक अग्रवाल पर यह भी आरोप है कि उसने राजनीतिक संरक्षण का लाभ उठाते हुए करोड़ों की अवैध कमाई की।
अशोक अग्रवाल का नाम पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबी के रूप में सामने आता रहा है। एसीबी ने सोमवार को जो दस्तावेज जब्त किए हैं, वे इसी मामले से जुड़ी जांच को और मजबूत कर सकते हैं।
ACB की टीम ने जमीन संबंधी सभी दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर अग्रवाल के निवास से रवाना हो गई है। फिलहाल दस्तावेजों की कानूनी जांच जारी है और जल्द ही पूछताछ की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।
इस छापेमारी ने एक बार फिर प्रदेश की आबकारी नीति और घोटालों को लेकर सत्ता और सिस्टम के गठजोड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

