Oplus_131072
सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार, 20 फरवरी की रात एक चौंकाने वाली घटना घटी। लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे खड़ी 108 एंबुलेंस (108 ambulance fire) को असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते एंबुलेंस धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई।
स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देख तुरंत लखनपुर पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर डायल 112 की टीम भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को आग से दूर रहने की सलाह दी। हालांकि, जब तक दमकल विभाग की टीम पहुंची, तब तक एंबुलेंस पूरी तरह जल चुकी थी।
इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के पीछे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा अक्सर लगा रहता है, जिससे आए दिन अप्रिय घटनाएं होती रहती हैं।
बताया जा रहा है कि यह एंबुलेंस पिछले एक वर्ष से अधिक समय से खराब हालत में वहीं खड़ी थी। हालांकि, इसके जलाए जाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और असामाजिक तत्वों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

