जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ-सट्टा पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुलमुला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम नरियरा में जुआ खेल रहे 10 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। देर शाम की गई इस दबिश में पुलिस ने मौके से 13,720 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के मार्गदर्शन में की गई। पूरे अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने मुखबिर की सूचना पर सटीक कार्रवाई करते हुए जुआ अड्डे पर दबिश दी और सभी आरोपियों को बिना किसी हंगामे के पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विष्णुकांत टंडन (33), जलेश्वर बरेठ (43), भीम राठौर (40), शशिकांत राठौर (45), आकाश टंडन (25), अजीत उर्फ भुरू (20), अमित बंजारे (30), नवीन टंडन (23), गुलशन टंडन (24) और जयंती महिलागे (27) के रूप में हुई है। सभी आरोपी मुलमुला थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

