सरगुजा, छत्तीसगढ़। मैनपाट वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरवावली गांव में बीती रात एक सिंगल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। रिहायशी इलाके में घुसे हाथी ने एक ग्रामीण के घर को तोड़ डाला और घर में रखे अनाज को खा गया। घटना से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बरवावली, बरडाड, दांतीढांब और मेहता पाइंट के जंगलों में इन दिनों हाथियों का 11 सदस्यीय दल सक्रिय है, जो आसपास के गांवों में लगातार घुसपैठ कर रहा है।
हाथियों की बढ़ती सक्रियता और वन विभाग की नाकामी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि विभाग की निगरानी और सुरक्षा के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग त्वरित कार्रवाई करते हुए हाथियों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करे और प्रभावित परिवारों को मुआवजा दे, ताकि ग्रामीण भयमुक्त जीवन जी सकें।

