सूरजपुर, छत्तीसगढ़। जिले के सरहरी गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की हालत जंगली मशरूम खाने के बाद बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने जंगल से मशरूम लाकर खाना बनाया था, जिसके कुछ देर बाद सभी की तबीयत अचानक खराब हो गई।
खाना खाने के बाद चारों लोगों—दो पुरुष और दो महिलाओं—को पेट दर्द और लगातार उल्टी की शिकायत हुई। परिजनों ने तत्काल उन्हें प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर चारों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।
अस्पताल में चारों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार एक महिला की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी तीन की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

