अंबिकापुर। आम आदमी पार्टी के 220 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान से रैली के रूप में निकले आप के पूर्व पदाधिकारी और कार्यकर्ता राजीव भवन पहुंचे। जहां उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित कांग्रेस के जिला पदाधिकारियों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
बताया गया कि कांग्रेस में शामिल होने वालों में आम आदमी पार्टी के प्रदेश स्तर से जुड़े पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हैं। कांग्रेस में शामिल होने से स्थानीय स्तर पर आम आदमी पार्टी के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
टीएस सिंहदेव बोले- कांग्रेस को मिलेगी मजबूती
कांग्रेस में शामिल हुए आप कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश स्तर के बड़े पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी के लिए निश्चित तौर पर मजबूती देने वाला है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के कांग्रेस से जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा- यह उनका अपना फैसला
वहीं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने पर कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी राजनीतिक दल में शामिल हो सकता है। यह प्रत्येक व्यक्ति की अपनी इच्छा और निर्णय है। इसमें कहने जैसी कोई बात नहीं है।
भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- देश में AAP की स्थिति बेहतर नहीं
भाजपा जिलाध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं रही और पंजाब को लेकर भी पार्टी की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में आम आदमी पार्टी की स्थिति बेहतर नहीं है और मौजूदा समय में पार्टी कमजोर हुई है, साथ ही आने वाले समय में पार्टी का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा।
अंबिकापुर में एक साथ 220 से अधिक आप पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने से सरगुजा की स्थानीय राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। 2028 विधानसभा चुनाव से पहले इस से दल-बदल का दौर देखने को आने वाले समय मे देखने को मिलेगा।

