जल संकट से निपटने और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए सरगुजा जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। जिले में बोरवेल सैंड रिचार्ज फिल्टर योजना की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से वर्षा जल को संरक्षित कर भूजल भंडारण में भेजा जाएगा।
इस नवाचार का नेतृत्व कलेक्टर विलास भोसकर और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। जिले के सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, पंचायत परिसरों और सार्वजनिक स्थलों में ड्राई बोरवेल में यह विशेष फिल्टर लगाए जा रहे हैं।
यह बोरवेल सैंड रिचार्ज फिल्टर रेत, चारकोल और गिट्टी की परतों से निर्मित होता है, जो वर्षा जल को छानकर भूमिगत जलस्रोतों में पहुँचाता है। इससे जहां जलस्रोतों का पुनर्भरण होगा, वहीं बोरवेल की क्षमता और आयु भी बढ़ेगी।
इस तकनीक से वर्षा जल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित होगा और जल संकट की समस्या से निपटने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जल संवर्धन की दिशा में मील का पत्थर बताया है।
जिला प्रशासन की यह पहल सभी विभागों और आमजन की सहभागिता से वर्षा जल के हर बूंद को संरक्षित कर भूजल स्तर सुधारने की दिशा में एक ठोस कदम है।

