सरगुजा, छत्तीसगढ़:
जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना दरिमा पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की तस्करी में लिप्त एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपिया के कब्जे से 239 नग प्रतिबंधित Buprenorphine इंजेक्शन एवं एक ऑल्टो कार बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ससकालो में एक महिला अपनी कार की डिक्की से नशीले इंजेक्शन निकालकर स्थानीय नशेड़ियों को बेच रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना दरिमा पुलिस टीम एवं साइबर सेल मौके पर पहुंची, जहाँ एक महिला को संदेहास्पद अवस्था में इंजेक्शन बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम आरती सोनी, पति मनोज सोनी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खैरबार (हाल निवास ससकालो, थाना दरिमा) बताया। तलाशी लेने पर आरोपी महिला की ऑल्टो कार (क्रमांक CG/15/EC/4978) की डिक्की से एक झोले में छिपाकर रखे गए 239 नग Buprenorphine इंजेक्शन (कुल मात्रा 478 मि.ली.) बरामद किए गए, जिनकी कुल अनुमानित बाजार कीमत ₹2,28,000 बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार जिसकी कीमत लगभग ₹6 लाख है, उसे भी जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरती सोनी ने यह स्वीकार किया कि वह इन प्रतिबंधित इंजेक्शनों को स्थानीय स्तर पर नशेड़ियों को बेचने की योजना बना रही थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 21(सी), एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, उप निरीक्षक प्रेम सागर खुटिया, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, तथा अन्य पुलिस कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

