मैनपाट के कर्मा रिसॉर्ट में 7 से 9 जुलाई तक मंत्री, सांसद और विधायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सोमवार को छत्तीसगढ़ शासन के वित्त एवं सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, कलेक्टर विलास भोसकर, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, डीएफओ अभिषेक जोगावत, जिला सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, सभी एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने जानकारी दी कि इस प्रशिक्षण शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायकगण शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर सड़कों की मरम्मत, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, ठहरने की व्यवस्था, पार्किंग, हेलिपैड, बिजली, पानी, पास वितरण, ट्रांसपोर्टिंग, डोम-पंडाल, साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
कलेक्टर विलास भोसकर ने बरसात को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने और पर्याप्त पुलिस बल तथा मजिस्ट्रेट ड्यूटी तैनात करने के निर्देश दिए। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

