अंबिकापुर, छत्तीसगढ़: सरगुजा जिले में बाइकर्स गैंग का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। नेशनल और स्टेट हाईवे की सड़कों पर ‘छत्तीसगढ़ राइडर’ नाम का बाइकर्स गैंग खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहा है। इस गैंग का लीडर मोहित नामक युवक बताया जा रहा है, जो अपने साथियों के साथ खतरनाक स्टंट कर सड़कों को मौत के मैदान में बदल रहा है।
सीतापुर, बतौली, मैनपाट, लुण्ड्रा और अंबिकापुर के अलग-अलग इलाकों में यह गैंग तेज रफ्तार, वन व्हीलिंग और खतरनाक ड्रिफ्टिंग जैसे स्टंट कर रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ये बाइकर्स बिना किसी डर या रोक-टोक के सड़कों पर हंगामा मचाते हुए नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोग इस गैंग की गतिविधियों से आतंकित हैं और बड़ी दुर्घटनाओं की आशंका जताई जा रही है। कई मामलों में इन बाइकर्स की वजह से सड़क हादसे होते-होते बचे हैं। लोगों की जान जोखिम में डालने वाले इन युवकों पर अब पुलिस की नजर है।
इस मामले में सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने न्यूज़ चैनल पड़ताल से बातचीत में कहा कि,
“बाइकर्स गैंग की गतिविधियों पर पुलिस नजर बनाए हुए है। जल्द ही इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त और ठोस कार्रवाई की जाएगी।”

