Ambikapur News: ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में सरगुजा पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
क्या है मामला?
यातायात पुलिसकर्मी निशिकांत एक्का ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 10 जनवरी 2025 को वे दरिमा मोड़, अंबिकापुर में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1:30 बजे खरसिया रोड की ओर से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल (CG/15/CF/2630) को रोका गया, जिसमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था। जब वाहन चालक से दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
चालक को जब चालान कटवाने के लिए कहा गया, तो उसने अपने परिजनों को बुलाने की बात कही। कुछ देर बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की और मौके से मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 32/25 धारा 296, 132, 221, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान, पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और आरोपियों की पहचान कृष्णा राम बखला (45 वर्ष), निवासी नवागढ़ मझलीपीठ तालाब, और रविलाल राजवाड़े उर्फ बजारू (32 वर्ष), निवासी नवागढ़ कोरवापारा, अंबिकापुर के रूप में की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध करना स्वीकार किया।
बुलेट मोटरसाइकिल जब्त, आरोपी न्यायिक हिरासत में
आरोपी कृष्णा राम बखला ने घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (CG/15/CF/2630) को पुलिस के सामने पेश किया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक लालबाबू सिंह और सैनिक संतोष पाठक की अहम भूमिका रही।

