सरगुजा जिले में नशीले इंजेक्शनों की तस्करी को लेकर गांधीनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 120 नग नारकोटिक्स युक्त प्रतिबंधित इंजेक्शन और एक बजाज मोटरसाइकिल जब्त की गई है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत ₹1.20 लाख आंकी गई है।जानकारी के अनुसार, गांधीनगर थाना पुलिस की टीम 3 अगस्त को नियमित पेट्रोलिंग पर थी।
एफसीआई गोदाम के सामने बनारस रोड की ओर पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की नजर तीन संदिग्ध युवकों पर पड़ी, जो बजाज सीटी हंड्रेड मोटरसाइकिल पर सवार थे। पुलिस को देखते ही उन्होंने बाइक की रफ्तार तेज कर दी, जिससे संदेह और गहरा हो गया। टीम ने तुरंत पीछा कर उन्हें रोका और पूछताछ की।
मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने अपना नाम अनिल कुमार बंजारे बताया, जबकि उसके साथ बैठे दो अन्य युवकों की पहचान मुजाहिद हुसैन और गंगाराम नायक के रूप में हुई। सभी आरोपी सूरजपुर जिले के सिरसी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान जब उनसे झोले में रखे सामान के बारे में जानकारी मांगी गई, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में तलाशी ली, जिसमें तीनों के पास से Rexogesic buprenorphine injection और Avil pheniramine maleate injection के कुल 120 नग इंजेक्शन बरामद किए गए। जब उनसे वैध दस्तावेजों की मांग की गई, तो आरोपी कोई कागजात नहीं दिखा सके।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि ये सभी इंजेक्शन वाणिज्यिक मात्रा में तस्करी के इरादे से रखे गए थे।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गांधीनगर थाने में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। बरामद मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे, आरक्षक विकास सिंह, अरविंद उपाध्याय, घनश्याम देवांगन, गीता प्रसाद, संजय राजवाड़े, धीरज सिंह और सैनिक अनिल साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

