अम्बिकापुर: नगर निगम चुनाव में मतदान से एक दिन पूर्व भाजपा नेताओं ने अंबिकापुर में शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संकल्प भवन से एक विशाल समर्थन रैली निकाली, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जय स्तंभ चौक तक पहुंची। इसके बाद भाजपा नेताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया और पार्टी के प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा।
भाजपा ही कर सकती है शहर का विकास – चिंतामणी महाराज

सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने मतदाताओं से संवाद करते हुए कहा, “पिछले दस वर्षों में अंबिकापुर का विकास ठप हो गया था। कांग्रेस की नगर निगम सरकार ने जनता की अपेक्षाओं को पूरा नहीं किया। अब समय आ गया है कि शहर को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जाए, जो केवल भाजपा कर सकती है।”
भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील

महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत ने कहा कि भाजपा की नगर निगम में जीत के बाद शहर में बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, पानी, बिजली और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा, “हम अंबिकापुर को एक आधुनिक और सुविधाजनक शहर बनाएंगे, ताकि नागरिकों को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े।”
भाजपा नेताओं का डोर-टू-डोर संपर्क अभियान

रैली के बाद भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने की अपील की। इस अभियान में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, नगरीय निकाय चुनाव संयोजक अखिलेश सोनी, पूर्व सांसद कमल भान सिंह, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, संभाग प्रभारी राजा पांडे सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
मतदान में भागीदारी की अपील
भाजपा नेताओं ने जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और भाजपा को विजयी बनाकर अंबिकापुर के विकास में योगदान दें।

