सरगुजा, छत्तीसगढ़। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 130 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक राहगीर की जान चली गई। यह हादसा शुक्रवार 6 जून की रात लगभग 8 बजे जजगा क्षेत्र में हुआ, जहां एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने सड़क किनारे चल रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान करमु राम (उम्र लगभग 30 वर्ष), पिता प्रेम साय धोबी, निवासी ग्राम जजगा डोकरनारा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम, जिसमें आरक्षक रामकुमार यादव, चालक राकेश बड़ा और शव वाहन चालक महमूद खान शामिल थे, मौके पर पहुंची। भाजपा नेता विक्रम सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां शव को मरचुरी में रखा गया है।
इधर, लखनपुर पुलिस को भी हादसे की सूचना दे दी गई है और फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इलाका अंधेरे और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के चलते पहले भी हादसों का गवाह बन चुका है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।

