जसपुर, छत्तीसगढ़। जसपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के झाँपिदरहा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब भीख मांगने के बहाने एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर दो मासूम बच्चों को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। आरोपी ने मौका पाकर बच्चों का हाथ पकड़ा और उन्हें घर से करीब एक किलोमीटर दूर तक ले गया।
इधर जब घर में बच्चों के अचानक गायब होने की जानकारी परिजनों को लगी तो पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत बच्चों की तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद दोनों बच्चे आरोपी के साथ संदिग्ध हालत में मिल गए।

बच्चों को सुरक्षित देख परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान आरोपी खुद को बचाने के लिए पागल होने की एक्टिंग करता नजर आया, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह बच्चों को कहां और किस मंशा से ले जा रहा था।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।

