सरगुजा, छत्तीसगढ़ : — सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मठपारा क्षेत्र के तीन महुआ शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा। यह कार्रवाई उपायुक्त आबकारी श्री विजय सेन शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने थाना मणिपुर अंतर्गत मठपारा में छापेमारी की, जहाँ एक ही मोहल्ले के तीन व्यक्तियों द्वारा भारी मात्रा में महुआ शराब का निर्माण और विक्रय किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान मठपारा निवासी रामधनी तिग्गा के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब एवं 60 किलोग्राम महुआ लहान, कविता यादव से 7.5 लीटर महुआ शराब और 80 किलोग्राम लहान, तथा विमला साहू के पास से 12 लीटर महुआ शराब व 80 किलोग्राम लहान बरामद किया गया।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश मिला।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता, आबकारी उप निरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारु राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता एवं महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और संगीता शामिल रहे।

