कोरिया जिले के बचरापोड़ी पुलिस चौकी में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने अचानक छापा मारकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ACB की टीम ने चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में ASI ध्रुव प्रसाद यादव को भी ACB ने धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ पर आरोप है कि उसने सतेंद्र प्रजापति नामक ग्रामीण को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। सौदे के तहत पहली किस्त के रूप में आज 25 हजार रुपये दिए जाने थे। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने मौके पर ही दबिश देकर दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया।
ACB की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

