ग्राम कोरंधा के कदमपारा नाला में पुल नहीं होने से ग्रामीण परेशान
अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। लुण्ड्रा ब्लॉक के ग्राम कोरंधा के कदमपारा नाला में पुल नहीं होने से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। बरसात के दिनों में यह नाला उफान पर आ जाता है, जिससे ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर इसे पार करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल और आंगनबाड़ी जाने वाले बच्चों को रोजाना सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। बरसात के दौरान नाला इतना उफान पर होता है कि बच्चों और बुजुर्गों का पार करना बेहद मुश्किल और खतरनाक हो जाता है।
यह भी पढ़ें : यूरिया वितरण में गड़बड़ी उजागर, विजय ट्रेडिंग कम्पनी का परमिट सस्पेंड, दुकान-गोदाम सील
स्थानीय लोगों ने बताया कि वे सालों से पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पुल नहीं बनने की वजह से ग्रामीणों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कदमपारा नाला पर पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि उनकी दैनिक समस्याओं से निजात मिल सके और बच्चों की शिक्षा पर भी असर न पड़े।

