नववर्ष के अवसर पर अंबिकापुर स्थित आस्था का प्रमुख केंद्र मां महामाया मंदिर परिसर में आग लगने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि भक्तों की लापरवाही के कारण यह आग लगी, जो मन्नत के धागों और चुनरी के कारण तेजी से फैलने लगी।
घटना के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। नववर्ष की शुरुआत के साथ ही सुबह से मां महामाया के दर्शन के लिए भक्तों का जनसैलाब उमड़ा हुआ था। इसी दौरान मंदिर परिसर में जलाए गए दीपक या अगरबत्ती से मन्नत के धागों और चुनरियों में आग पकड़ने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि मंदिर प्रबंधन और मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। तत्काल की गई कार्रवाई के कारण कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई। आग बुझने के बाद परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

