अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ |
अंबिकापुर में लंबे समय से चल रहे नकली पनीर और खोवा के अवैध कारोबार पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बिशुनपुर खुर्द स्थित सागर डेयरी पर देर शाम प्रशासन की टीम ने छापेमारी की और मौके से करीब 150 किलो नकली पनीर जब्त किया गया।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि सागर डेयरी में मिलावटी और नकली पनीर तैयार किया जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन की टीम ने मंगलवार देर शाम डेयरी पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान डेयरी में नकली पनीर तैयार करते हुए कर्मचारियों को पकड़ा गया।
सागर डेयरी को किया गया सील
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए नकली पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सागर डेयरी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लंबे समय से चल रहा था अवैध कारोबार
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सागर डेयरी में नकली पनीर और खोवा बनाने का काम लंबे समय से चल रहा था। इलाके में सप्लाई होने वाले डेयरी उत्पादों को लेकर पहले भी संदेह जताया गया था, लेकिन इस बार की छापेमारी ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।

