परतापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने एक साथ जहर खा लिया, जिसमें तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं माता-पिता की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज सिविल अस्पताल में जारी है।
यह घटना ग्राम पंचायत चंदनपुर के ग्राम पी.वी. 70 शांतिनगर की है, जहां बैरागी परिवार ने अज्ञात कारणों के चलते यह भयावह कदम उठाया। मृत बच्चों की पहचान वर्षा बैरागी (11 वर्ष), दीप्ती बैरागी (7 वर्ष) और देवराज बैरागी (5 वर्ष) के रूप में हुई है। बच्चों की मौत की खबर ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि परिवार ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। प्रारंभिक तौर पर मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रयास माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। गांव में गमगीन माहौल है। तीन मासूमों की एक साथ मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

