अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़ । शहर के नेहरू वार्ड स्थित सत्ती मंदिर के पास तालाब की जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए मकानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर अतिक्रमण हटाने पहुंची, लेकिन स्थानीय नेताओं और आम लोगों के विरोध के चलते टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
इस विवादित भूमि पर कब्जा कर घर बना लेने वाले मालिक को हाईकोर्ट ने बड़ा झटका दिया है। कोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बाद प्रशासन ने दो टूक कहा कि अवैध कब्जे पर बने घर को दो दिन के भीतर खाली कर दिया जाए। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया सख्ती से की जाएगी।
प्रशासनिक टीम के लौटने के बावजूद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से वे इस जमीन पर रह रहे हैं और उनके पास कुछ दस्तावेज भी हैं, जबकि प्रशासन इसे तालाब की सरकारी भूमि बताते हुए पूरी तरह अवैध मान रहा है।

