रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रायपुर के महानदी भवन में कलेक्टर कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है। यह अहम बैठक रविवार को आयोजित की जा रही है और इसमें मुख्य सचिव सहित सभी विभागीय सचिव, संभागायुक्त और कलेक्टर उपस्थित हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य सुशासन, पारदर्शिता और जनहित योजनाओं की समीक्षा करना है। समय से पहले शुरू हुई इस कॉन्फ्रेंस में राज्य के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया जा रहा है।
बताया गया है कि इसी तरह 13 अक्टूबर को एसपी कॉन्फ्रेंस में कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और विकास कार्यों पर चर्चा होगी। वहीं, पहली बार आयोजित होने वाली कलेक्टर-डीएफओ कॉन्फ्रेंस में वन विभाग की योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा, 14 अक्टूबर को राज्य स्तरीय सुशासन शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलेक्टर, एसपी और डीएफओ के बीच समन्वय और सहयोग बढ़ाने के साथ राज्य के विकास और प्रशासनिक सुधारों पर भी चर्चा होगी।

