अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बार फिर अव्यवस्था का मामला उजागर हुआ है। अस्पताल की लैब में रीजेंट की कमी के चलते मरीजों को जांच कराने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घंटों इंतजार करने के बाद भी उन्हें जांच सुविधा नहीं मिल पा रही और आखिरकार निराश होकर निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
संभाग मुख्यालय होने के कारण यहां दूर-दराज के इलाकों से भी लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। लेकिन लगातार दो महीने से लैब में रीजेंट उपलब्ध नहीं होने के कारण जांच प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है। मरीजों का कहना है कि यह लापरवाही सीधे-सीधे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.सी. आर्या ने स्वीकार किया है कि लैब रीजेंट की कमी है और बहुत जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा किया है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर कब तक मरीजों को ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा और कब तक सरकारी दावे धरातल पर उतरेंगे।

