अम्बिकापुर। “ईमानदारी और जनसेवा मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। इसी के साथ मैंने 10 वर्षों तक नगर की सेवा की है, और मुझे विश्वास है कि अम्बिकापुर की जनता मुझे फिर से सेवा का अवसर देगी।” ये बातें निवर्तमान महापौर डॉ. अजय तिर्की ने मतदान पूर्व प्रचार के अंतिम 48 घंटे पहले कही।
उन्होंने बताया कि बीते 9 दिनों तक सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक पूरे शहर के 48 वार्डों में उन्होंने सघन जनसंपर्क किया है। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं और आकांक्षाएं जानीं, जिसके आधार पर कांग्रेस पार्टी ने जन-आकांक्षाओं पर आधारित घोषणा पत्र तैयार किया है।

जनता की प्राथमिकताओं पर रहेगा फोकस
डॉ. तिर्की ने कहा कि जनता की आवश्यकताओं को देखते हुए उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं:
✅ स्वच्छ और सुंदर शहर
✅ बेहतर सड़कें और पेयजल व्यवस्था
✅ महिलाओं की सुरक्षा
✅ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का आशीर्वाद मिला तो वे इन बिंदुओं पर मजबूती से कार्य करेंगे।
टीएस सिंहदेव और डॉ. अजय तिर्की का संयुक्त प्रचार, जनता से मिला व्यापक समर्थन
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और डॉ. अजय तिर्की ने संयुक्त रूप से शहर के कई वार्डों में प्रचार किया। इस दौरान आम जनता का जोरदार समर्थन देखने को मिला। महिलाओं ने जगह-जगह आरती उतारकर और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
टीएस सिंहदेव ने कहा, “अम्बिकापुर की जनता का उत्साह और समर्थन अद्भुत है। हमें पूरा भरोसा है कि कांग्रेस एक बार फिर नगर निगम में वापसी करेगी और जनता की सेवा करेगी। हमारे घोषणा पत्र को जनता के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है और हम इसे धरातल पर उतारकर अम्बिकापुर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”
नगर निगम चुनाव में प्रचार अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है, और अब फैसला जनता के हाथ में है। आगामी चुनाव परिणाम यह तय करेगा कि अम्बिकापुर की बागडोर किसके हाथ में होगी।

